सीमाएं सील, लॉकडाउन का पालन कराने उतरे अधिकारी

सीमाएं सील, लॉकडाउन का पालन कराने उतरे अधिकारी

उन्नाव जिले की सीमाएं सील होने के बाद लखनऊ-कानपुर हाईवे पर लगा जाम। इससे लोगों को बेहद परेशानी हु? - फोटो : UNNAO
उन्नाव/नवाबगंज। शासन के निर्देश पर पुलिस ने लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सोमवार सुबह जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया। किसी भी वाहन को निकलने नहीं दिया गया। वहीं, जाजमऊ में भी जाम लग गया। यात्रियों से भरे वाहनों को रोके जाने से अफरातफरी मची रही। वहीं, जो यात्री पैदल सीमा में प्रवेश कर चुके थे, उनकी थर्मल स्कैनिंग करा जाने दिया गया। बार्डर सीमाएं सील किए जाने से पूरे दिन सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। एएसपी उत्तरी व दक्षिणी समेत अन्य पुलिस अधिकारी सीमाओं पर भ्रमण कर लॉकडाउन का अनुपालन कराते रहे। रविवार को जिन चौराहों पर यात्रियों का मजमा लगा रहा, आज वहां सन्नाटा पसरा रहा। एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य व पुलिस कर्मी चौराहों पर मौजूद रहे।
लॉकडाउन के बाद दिल्ली, नोयडा, गाजियाबाद हरियाणा, महाराष्ट्र समेत अन्य प्रांतों व जिलों में फंसे लोगों को उनके घर पहुंचाने के लिए बसें चलाए जाने के बाद भीड़ सड़कों पर उतर आई। हजारों की संख्या में लोग पैदल व अन्य साधनों से घरों को निकल पड़े। जिससे लॉकडाउन पूरी तरह फेल हो गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों भी यात्रियों को उनके घरों तक भिजवाने के लिए मशक्कत का सामना करना पड़ा।
लॉकडाउन बेअसर होता देख शासन ने सभी जिलों की पुलिस को बार्डर सीमाएं सील कर वाहनों के निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया। सोमवार सुबह 7 बजे से ही पुलिस ने उन्नाव की सभी बार्डर सीमाओं पर बैरियर लगा यात्री वाहनों समेत बेवजह सड़क पर वाहनों से निकले लोगों को अपनी सीमा में घुसने नहीं दिया। पास वाले वाहनों को ही इंट्री दी गई। सीमाएं सील होने से हाईवे व एक्सप्रेसवे समेत अन्य मार्गों पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। एएसपी विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि सभी बार्डर सीमाओं को सील कर वाहनों को लौटाया जा रहा है।
लखनऊ और कानपुर सीमा से जो दो पहिया और चौपहिया वाहन उन्नाव सीमा में प्रवेश कर गए उन्हें अजगैन कोतवाल अरविंद सिंह व चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव ने टोल प्लाजा पर ड्यूटी में लगे उपनिरीक्षक विमलकांत गोयल व कांस्टेबल सचिन शर्मा की मदद से टोल बैरियर पार नहीं करने दिया। यहां तक कि साइकिल से आने वाले लोगों को भी रोक दिया गया। वाहनों के ठहरने से हाईवे पर जाम लग गया। जाम की समस्या देख उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने हिदायत देकर सभी को जाने दिया और दोबारा आने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
वहीं, पिछले दो दिनों से हजारों की तादाद में जिले की सीमा में पैदल चलकर आने वाले यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पसीना बहा रही पुलिस रविवार रात से सुबह तक वाहनों का प्रबंध करने में जूझती नजर आई। एआरटीओ अनिल कुमार त्रिपाठी ने उन्नाव बाईपास पर मौजूद रहकर 40 वाहनों की व्यवस्था कर यात्रियों को गंतव्य तक भिजवाया। सभी यात्रियों की स्वास्थ्य टीम द्वारा थर्मल स्कैनिंग भी की गई।

No comments:

Post a Comment

अपना जिला उन्नाव आपका स्वागत करता है।